छठीहार पर कृष्णमय हुआ नया भोजपुर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के छठीहार के अवसर पर गुरुवार को नया भोजपुर की सड़कें भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठीं। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी, भक्ति गीतों और कलाकारों की धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।

__ राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी रही आकर्षण का केंद्र, भक्ति गीतों पर झूमते रहे श्रद्धालु; जयकारों से गूंजता रहा पूरा इलाका
केटी न्यूज/डुमरांव।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के छठीहार के अवसर पर गुरुवार को नया भोजपुर की सड़कें भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठीं। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी, भक्ति गीतों और कलाकारों की धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।शोभायात्रा की शुरुआत पेपर मिल थाना परिसर स्थित भगवान श्रीकृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुई। इसके बाद श्रद्धालु हाथों में कृष्ण ध्वज लिए और जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे कलाकारों को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटती रही। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने झांकी का स्वागत कर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।

शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलकर नया भोजपुर चौक, पुराना भोजपुर चौक होते हुए डुमरांव स्टेशन रोड की ओर बढ़ी। रास्ते भर भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे। कलाकारों की नृत्य एवं धार्मिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्ग के लोग उत्साह के साथ शामिल हुए।इसके बाद शोभायात्रा टीचर ट्रेनिंग स्कूल स्थित गोवर्धन स्थान पहुंची, जहां धार्मिक माहौल के बीच इसका समापन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को स्मरण करते हुए उनके संदेश और आदर्शों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी के बाद छठीहार के अवसर पर शोभायात्रा निकालने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजन किया गया।

