शिव-पार्वती संवाद से गूंजेगा तुलसी आश्रम, आज से रामलीला का श्रीगणेश
सावन की दूसरी सोमवारी पर रघुनाथपुर स्थित ऐतिहासिक तुलसी आश्रम का महाकालेश्वर मंदिर सोमवार को आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना रहा। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

__ सावन की दूसरी सोमवारी पर महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवरात्रि पर शिव-विवाह की झांकी बनेगी खास आकर्षण
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
सावन की दूसरी सोमवारी पर रघुनाथपुर स्थित ऐतिहासिक तुलसी आश्रम का महाकालेश्वर मंदिर सोमवार को आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना रहा। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।सोमवारी की धार्मिक आस्था के बीच तुलसी आश्रम में सोमवार की शाम से रामलीला के मंचन का भी शुभारंभ होगा। शिव-पार्वती संवाद के साथ शुरू होने वाली रामलीला में धार्मिक प्रसंगों के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्श और मर्यादा का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन को लेकर रामलीला समिति के कलाकारों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने बताया कि रामलीला के प्रथम दिन शिव-पार्वती संवाद का मंचन किया जाएगा। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण सावन की शिवरात्रि पर होने वाला भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह होगा। इस दौरान आकर्षक एवं मनमोहक झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन लगातार किया जाएगा।इधर, महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। पुजारी पंडित राजू मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकालेश्वर का विधिवत पूजन, अभिषेक और आरती कराई। कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन एवं जलाभिषेक किया।

मंदिर परिसर के आसपास फूल-माला, पूजन सामग्री, खिलौने और खाद्य पदार्थों की दुकानें सजने से पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा। भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सावन की पूजा-अर्चना के साथ रामलीला का आयोजन तुलसी आश्रम को धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाएगा। रामलीला को लेकर आसपास के गांवों के लोगों में भी खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

