चूड़ी बाजार में ‘सम्मोहन गैंग’ का शिकार हुईं दो महिलाएं, दो लाख के गहने लेकर फरार हुईं चार शातिर

डुमरांव के बाजारों में महिलाओं को बातों के जाल में फंसाकर आभूषण उड़ाने वाले गिरोह की सक्रियता ने एक बार फिर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। चूड़ी बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं अकालुपुर की दो महिलाओं को कथित तौर पर सम्मोहित कर शातिर महिलाओं ने करीब दो लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

चूड़ी बाजार में ‘सम्मोहन गैंग’ का शिकार हुईं दो महिलाएं, दो लाख के गहने लेकर फरार हुईं चार शातिर

__ बातों में उलझाकर शहीद पार्क तक ले गईं, नकली गहने थमाकर उतरवा लिए असली जेवर; डुमरांव-कृष्णाब्रह्म में पहले भी सामने आ चुके हैं आधा दर्जन से अधिक मामले

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव के बाजारों में महिलाओं को बातों के जाल में फंसाकर आभूषण उड़ाने वाले गिरोह की सक्रियता ने एक बार फिर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। चूड़ी बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं अकालुपुर की दो महिलाओं को कथित तौर पर सम्मोहित कर शातिर महिलाओं ने करीब दो लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को डुमरांव थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक अकालुपुर निवासी किशुनदेव यादव की पुत्री पूनम देवी और बहू राजवती देवी गुरुवार दोपहर करीब एक बजे डुमरांव के चूड़ी बाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं।

इसी दौरान चार अज्ञात महिलाएं उनके संपर्क में आईं। आरोप है कि बातचीत के बहाने दोनों को अपने झांसे में लेने के बाद वे उन्हें चूड़ी बाजार से शहीद पार्क के समीप ले गईं।बताया गया है कि वहां शातिर महिलाओं ने दोनों पीड़ितों से उनके पहने हुए आभूषण उतरवा लिए। इसके बदले नकली गहने थमा दिए गए। कुछ समय बाद जब दोनों महिलाओं को घटना का एहसास हुआ तो उनके असली आभूषण गायब थे। आसपास तलाश करने के बावजूद आरोपी महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिला।

__ सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, पहचान की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का निर्देश दिया गया है। पुलिस संदिग्ध महिलाओं की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

__ पुराने मामलों ने बढ़ाई चिंता

डुमरांव और कृष्णाब्रह्म इलाके में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार महिलाओं को झांसे में लेकर गहने उतरवाने के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने इस गिरोह की पहचान कर उसकी सक्रियता पर रोक लगाने की चुनौती है।