ससुराल में बंधक बनाए जाने का आरोप, पति ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
सिमरी थाना क्षेत्र के रामोपट्टी गांव निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। युवक का दावा है कि उसे ससुराल में बंधक बनाकर मारपीट की गई तथा उसके संबंध में अपहरण की गलत सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया गया।

__ पत्नी समेत चार लोगों पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप, तीन लाख के जेवर ले जाने का भी दावा
केटी न्यूज/सिमरी।
सिमरी थाना क्षेत्र के रामोपट्टी गांव निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। युवक का दावा है कि उसे ससुराल में बंधक बनाकर मारपीट की गई तथा उसके संबंध में अपहरण की गलत सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया गया। मामले को लेकर ओम प्रकाश पासवान ने 2 अक्टूबर को सिमरी थाने में लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।आवेदन के मुताबिक, ओम प्रकाश की शादी 12 मई 2026 को डुमरांव थाना क्षेत्र के नया थाना के समीप रहने वाले सुरेश पासवान की पुत्री प्रिया कुमारी से हुई थी।

शादी के बाद दोनों रोजगार के सिलसिले में सिकंदराबाद चले गए। युवक ने आरोप लगाया है कि वहां पत्नी द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। एक घटना में उसके गुप्तांग में सुई चुभोने का भी आरोप लगाया गया है।आवेदन में बताया गया है कि इलाज के लिए दोनों 20 सितंबर को सिमरी लौटे। अगले दिन पत्नी के कहने पर वह डुमरांव सरकारी अस्पताल इलाज कराने गया। देर होने के कारण पत्नी के कहने पर वह उसके मायके में रुक गया। युवक का आरोप है कि इसके अगले दिन पत्नी सिमरी पहुंची और उसके माता-पिता तथा ग्रामीणों के सामने उसके अपहरण की बात कही।

ओम प्रकाश ने सुरेश पासवान, निर्मला देवी, बिनोद पासवान और प्रिंस कुमार पर उसे बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही पत्नी पर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर चले जाने का दावा किया है।आवेदन के अनुसार, सिमरी और डुमरांव पुलिस के सहयोग से उसे कथित बंधन से मुक्त कराया गया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में पत्नी को उसके मायके पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

