मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष व उनके पति के साथ घर में घुस मारपीट, विरोध में सड़क जाम

मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष व उनके पति के साथ घर में घुस मारपीट, विरोध में सड़क जाम

- पुलिस आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ने का लगा आरोप 

- भखवा गांव की रहने वाली है बड़का गांव पंचायत की मुखिया कविता कुमारी, जमीन विवाद व पैसे के लेन देन से जुड़ा है मामला

केटी न्यूज/बक्सर

जिला मुखिया संघ की अध्यक्ष कविता देवी व उनके पति मुन्ना चौबे के साथ घर में घुस नामजदों द्वारा मारपीट की गई है। इस मामले में स्थानीय सिकरौल पुलिस पर दो आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ देने का आरोप लगा मुखिया समर्थकों ने बक्सर सिकरौल मार्ग को घंटो जाम कर दिया। बाद में डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार इटाढ़ी प्रखंड के बड़का गांव की मुखिया कविता देवी भखवा गांव की रहने वाली है। यह इलाका सिकरौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

उनका सुजीत कुमार चौबे के साथ जमीन व पैसे के लेन देन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद में सुजीत ने शुक्रवार को अपने रिश्तेदार चक्की के मुकुलानंद पांडेय उर्फ पिंटू पांडेय तथा डब्लू चौबे ने मिलकर मुखिया के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान मुखिया तथा उनके पति की पिटाई की गई तथा पंचायत से जुड़े कागजातों को भी उठा ले गए। मुखिया पति द्वारा इसकी सूचना सिकरौल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सिकरौल पुलिस ने एक थार जीप को बरामद किया। वही पिंटू पांडेय तथा उसके चालक को भी पकड़ा गया था। लेकिन सिकरौल पहुंचते ही उन्हें पुलिस ने छोड़ दिया। इसी बात से नाराज मुखिया समर्थकों ने बक्सर सिकरौल मार्ग को जाम कर दिया था। लेकिन एसडीपीओ ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान सिकरौल के साथ ही आस पास के कई थानों की पुलिस भी वहां पहुंची थी। बाद में मुखिया संघ की जिलाध्यक्ष कविता कुमारी के बयान पर आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। 

क्या कहते है एसडीपीओ

बड़का गांव पंचायत की मुखिया कविता देवी व उनके पति मुन्ना चौबे के साथ मारपीट किया गया है। कुछ देर के लिए मुखिया समर्थकों द्वारा सड़क जाम भी किया गया था। मुखिया के बयान पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।