लूट का विरोध करने के दौरान हुई थी रेस्टोरेंट मैनेजर की हत्या, दो गिरफ्तार

लूट का विरोध करने के दौरान हुई थी रेस्टोरेंट मैनेजर की हत्या, दो गिरफ्तार

- भोजपुर पुलिस ने किया मैनेजर हत्याकांड और कार्नेट वादक लूट कांड का खुलासा

- स्थानीय सूत्र और तकनीकी इनपुट के जरिए अपराधियों तक पहुंची पुलिस 

केटी न्यूज/आरा

भोजपुर पुलिस ने पिछले माह हुई मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कार्नेट वादक से लूट और रेस्टोरेंट मैनेजर की हत्या का खुलासा कर दिया है। जिसमें पता चला है कि रेस्टोरेंट मैनेजर की हत्या भी लूट का विरोध करने पर की गयी थी। एक ही आपराधिक गिरोह द्वारा दोनों घटनाओं को अंजाम दिया गया था। गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से लूट और हत्या में इस्तेमाल एक देसी कट्टा, एक गोली, रेस्टोरेंट मेनेजर से लूटा गया मोबाइल और वादक से छीना गया वाद्य यंत्र कार्नेट एवं बैग भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में उदंतनगर थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव निवासी कमलेश पासवान और जुगेश पटेल शामिल हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है। कमलेश पासवान ने रेस्टोरेंट मैनेजर को गोली मारी थी, जबकि कट्टा की व्यवस्था जुगेश पटेल ने की थी। घटना में एक अन्य अपराधी की भी संलिप्तता सामने आयी है। पुलिस ने उसकी भी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

एसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 26 अगस्त की रात मुफस्सिल थाने के गरेया मठिया के पास लूटपाट के दौरान कृष्णगढ़ ओपी क्षेत्र के सरैंया निवासी हुसैन को गोली मारी गयी थी। उस दौरान उसके जीजा का बैग और वाद्ययंत्र कार्नेट छीना गया था। उसके ठीक अगले दिन 27 अगस्त की रात दौलतपुर पुल के पास बड़हरा थाना क्षेत्र के फरना गांव निवासी रेस्टोरेंट मैनेजर विशाल सिंह की गोली मार कर हत्या की गयी थी। लगातार हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी और मामलों का खुलासा करने के लिए एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी थी। जांच में जुटी टीम की ओर से तकनीकी सूत्र के जरिए अपराधियों की पहचान की गयी। उसके बाद उदंतनगर बाजार से पहले कमलेश पासवान को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसकी निशानदेही पर उदंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव से जुगेश पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ में दोनों घटनाओं का खुलासा हो गया। इनकी निशानदेही पर हत्या और लूट में इस्तेमाल देसी कट्टा, गोली, लूटा गया मोबाइल, कार्नेट और बैग भी बरामद किया गया। घटना में शामिल तीसरे अपराधी की पहचान कर ली गयी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लूट के दौरान हुआ था झगड़ा और बदमाशों ने मारी थी गोली :

एसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आपराधिक प्रवृति के हैं, जो लूटपाट करते थे। उसी क्रम में 26 अगस्त की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरेया मठिया के पास लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उसी दिन एक और युवक को गोली मारी गयी थी। हालांकि उस दिन अपराधियों को कुछ खास हाथ नहीं लगा था। उसके बाद 27 अगस्त की रात तीन की संख्या में अपराधी दौलतपुर पुल के पास लूट की फिराक में थे। उसी दौरान घर लौट रहे रेस्टोरेंट मैनेजर की गोली मार हत्या कर दी गयी थी।

पूछताछ में दोनों अपराधियों ने जुर्म स्वीकार भी किया है। एसपी ने बताया कि 27 अगस्त की रात तीनों बदमाश लूटपाट करने की मुफस्सिल थाने के दौलतपुर पुल के पास खड़े थे। उसी दौरान फरना गांव निवासी रेस्टोरेंट मैनेजर विशाल सिंह पहुंचे। वह बाइक खड़ी कर किसी से बात करने लगे। तभी तीनों अपराधी उनसे लूटपाट करने लगे। तब विशाल सिंह अपराधियों से उलझ गया। उस पर अपराधियों ने उनको को गोली मार दी। उसके बाद अपराधी उनका मोबाइल लेकर भाग गए। बाद में इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर विशाल सिंह को मृत घोषित कर दिया गया था।