फोरलेन पर ट्रक चालक को गोली मारकर लूटपाट में अंतरजिला गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार

फोरलेन पर ट्रक चालक को गोली मारकर लूटपाट में अंतरजिला गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार

हथियार के साथ ट्रक चालक से अपराधी कर रहे थे लूटपाट एक देसी कट्टा और दो गोली बरामद 

केटी न्यूज/आरा 

आरा-छपरा फोरलेन पर बड़हरा थाना क्षेत्र के कोल्हापुर के पास पिछले दिनों ट्रक चालक को गोली मार कर लूटपाट करने का पुलिस ने खुलासा कर दिया। लूटपाट के दौरान चालक के विरोध पर की गयी फायरिंग में एक अपराधी को भी गोली लगी थी। पुलिस ने गोली से जख्मी सहित लूटपाट में शामिल अंतर जिला गिरोह के दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है।

उनके पास से गोलीबारी में इस्तेमाल देसी कट्टा और दो गोली भी बरामद की गयी है। गिरफ्तार लुटेरों में बड़हरा थाना क्षेत्र के कोल्हारमपुर गांव निवासी रंजन कुमार उर्फ गुंगा और चातर गांव निवासी रवि बिंद शामिल हैं। इनमें एक को लूटपाट के दौरान गोली भी लगी थी। दोनों के खिलाफ भोजपुर के अलावा पटना और छपरा में लूटपाट के मामले दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों द्वारा लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की गयी है और अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए गए हैं। एएसपी चंद्र प्रकाश की ओर से 

मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि लूटपाट की घटना के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी को एसपी प्रमोद कुमार यादव की ओर से एक विशेष टीम गठित की गयी थी। उसमें शामिल थानाध्यक्ष विजय प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने लोकल इनपुट और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान करते हुए सोमवार की रात एक लुटेरे को गिरफ्तार किया गया।

उसकी निशानदेही पर गोली से जख्मी दूसरे अपराधी को भी बड़हरा इलाके से इलाज कराते समय गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उनमें एक के खिलाफ चार जबकि दूसरे के खिलाफ तीन केस दर्ज हैं।घटना में शामिल अन्य लुटेरों की भी पहचान कर ली गयी है। उनकी गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।

मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी चालक राकेश सहनी अपने ट्रक के खलासी के साथ 28 दिसंबर की शाम पटना जिले के उदयपुर घाट से बालू लेकर निकला था। आरा छपरा फोरलेन पर बड़हरा थाना क्षेत्र के कोल्हारमपुर के समीप जाम के कारण वह ट्रक लेकर खड़ा था।

तभी सुबह करीब तीन बजे तीन चार की संख्या में अपराधी पहुंच गए और हथियार का भय दिखाकर केबिन में घुस गये। उसके बाद लूटपाट करने लगे। उस दौरान चालक और खलासी से तीन हजार रुपए छीन लिया गया। मोबाइल छीनने के क्रम में उसने विरोध किया

तो एक अन्य अपराधी द्वारा दो तीन राउंड फायरिंग कर दी गयी। उसमें एक गोली उसके हथेली में लग गयी। उस क्रम में एक गोली एक लुटेरे को भी लग गयी। उसके बाद अन्य अपराधी अपने जख्मी साथी को ले भागे थे।