महज एक खिल्ली खैनी देने से मना करने पर किशोर को चाकू घोंपा

महज एक खिल्ली खैनी देने से मना करने पर किशोर को चाकू घोंपा

गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव की सोमवार रात की घटना

गांव के ही चार लड़कों पर चाकू मारने का आरोप, धरपकड़ में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/आरा

गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव में सोमवार की रात महज एक खिल्ली खैनी देने से मना करने पर एक किशोर को चाकू मार दिया गया। चाकू उसकी बायीं पंजरी और हाथ में लगी है। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी किशोर चौकीपुर गांव निवासी स्व.चंद्रदेव पासवान का 17 वर्षीय पुत्र बैजू कुमार है।

चाकू मारने का आरोप गांव के ही चार लड़कों पर लगा है। सूचना मिलने पर ओपी इंचार्ज हरि प्रसाद शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन की। जख्मी बैजू कुमार ने बताया कि सोमवार की रात वह गांव में कुछ लड़कों के साथ बैठा हुआ था। उस दौरान एक लड़के ने उससे खैनी मांगी।

उसने खैनी नहीं खाने की बात कहते हुए देने से मना कर दिया। उस पर लड़के उसके साथ बहस करने लगे। तब वह घर जाने लगा। तभी उन युवकों द्वारा पीछे से उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। उस दौरान ताबड़तोड़ दो जगहों पर चाकू घोंप दिया गया। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है।