शिक्षक के घर हमला कर नगदी, जेवर व बाइक लूट ले गये बदमाश

शिक्षक के घर हमला कर नगदी, जेवर व बाइक लूट ले गये बदमाश

- घर पर ईंट-पत्थर से हमला कर किया गया क्षतिग्रस्त,  महिलाओं को पीटा

- घटना में सीसीटीवी फुटेज में कैद, छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/आरा

शहर के नगर थाना क्षेत्र के मझौंवा गांव में शनिवार की दोपहर में शरारती तत्वों ने एक शिक्षक के घर उत्पात मचाया। शरारती तत्वों द्वारा पहले शिक्षक राजेश कुमार सिंह के घर पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया। उसके बाद लूटपाट मचाया गया। बदमाश शिक्षक के घर से नगदी, जेवर और बाइक ले भागे। उनके घर की महिलाओं के साथ मारपीट की गयी। रोड़ेबाजी में शिक्षक का घर भी क्षतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है। शिक्षक की ओर से नगर थाने में दिये गये आवेदन में यह आरोप लगाया गया है। उसमें शहर के बिंद टोली के तीन लोगों को आरोपित किया गया है।

पूरी घटना बगल के सीसीटीवी में कैद होने की जानकारी दी गयी है। राजेश कुमार सिंह नागालैंड में शिक्षक हैं। वह फिलहाल अपने गांव मझौंवां गांव आये हैं। आवेदन में कहा गया है कि शनिवार दोपहर एक बजे तीनों आरोपित द्वारा 30-40 लोगों के साथ उनके घर में ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया। आवाज सुनकर वह दरवाजा खोल बाहर निकले। तबतक सभी आरोपित हथियार के साथ घर में घुस गये। उसके बाद उनकी पत्नी और बहू के साथ मारपीट की जाने लगी। उसी दौरान उनकी पत्नी से जबरन आलमारी खुलवा कर 67 हजार नगद और सोने के जेवर लूट लिया। बदमाश जाते-जाते शिक्षक की बाइक भी लेते भागे। शिक्षक के अनुसार भागते समय फायरिंग भी की गयी। इधर, पुलिस मामले की छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।