जमीन के विवाद में मारपीट और फायरिंग, फाइनेंस कंपनी के अधिकारी को लगी गोली

जमीन के विवाद में मारपीट और फायरिंग, फाइनेंस कंपनी के अधिकारी को लगी गोली

- घटनास्थल से एक खोखा और एक गोली भी बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/आरा

जिला मुख्यालय स्थित टाउन थाना अंतर्गत शिवपुर गांव में सोमवार की देर शाम जमीन के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। उस दौरान फायरिंग भी की गयी, जिसमें एक युवक को गोली लग गयी। गोली सिर के पिछले हिस्से में लगी है। उसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं मारपीट में उसके पिता और चाचा गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं। युवक मूल रूप से शिवपुर निवासी वीरेंद्र सिंह का 35 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार है। वह झारखंड में बजाज फाइनेंस में अफसर हैं। घायलों में उसके पिता वीरेंद्र सिंह और चाचा राजकुमार सिंह शामिल हैं। सभी झारखंड के झरिया इलाके में वर्षो से मकान बनाकर रहते हैं। उधर, फायरिंग के बाद घायलों द्वारा गोली मारने वाले युवक से उसके हाथ में रहे पिस्टल को छीन लिया गया है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस को भी घटनास्थल से एक खोखा और एक गोली मिली है। घटना के संबंध में जख्मी राज कुमार सिंह ने बताया कि चार धुर जमीन को लेकर कुछ दिनों से उनके पट्टीदार से विवाद चला रहा है। उसी जमीन के समझौते को लेकर उक्त पाटीदार के लोगों ने कहा कि घर आइये। बैठ कर बातचीत करते हैं। इस पर वह पट्टीदार के घर बात करने गये थे। 

देर शाम में वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी हथियारबंद बदमाशों ने रास्ते में गिर कर मारपीट शुरू कर दिया। उसी बीच एक युवक द्वारा फायरिंग कर दी गयी। इसमें गोली लगने से प्रकाश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं मारपीट के दौरान उसके पिता वीरेंद्र सिंह और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसके बाद प्रकाश कुमार को इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। इधर, सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी।है। उन्होंने अस्पताल पहुंचे और जख्मी राजकुमार सिंह से घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि एक युवक गोली से जख्मी अवस्था में आया था। उसे सिर में गोली लगी है। खून काफी बह गया है। उसके ब्लड सिक्योर कर दिया गया है। उसकी स्थिति को देखते हुए हायर न्यूरो सर्जन के भेजा जा सकता है।