नाच में गाना बजाने को उपजे विवाद में दुल्हन के चाचा को मारी गोली

नाच में गाना बजाने को उपजे विवाद में दुल्हन के चाचा को मारी गोली

सहार थाना क्षेत्र के बरुहीं गांव की रविवार की देर रात की घटना

जाति आधारित गाना बजाने को लेकर उपजे विवाद में गोली मारने का आरोप 

केटी न्यूज/आरा

सहार थाना क्षेत्र के बरुहीं गांव में रविवार की रात बारात में नाच में गाना बजाने को उपजे विवाद में दुल्हन के चाचा को गोली मार दी गयी। गोली उनके बाएं पैर में लगी है, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वह बरुहीं गांव निवासी वकील राम का 40 वर्षीय पुत्र संतोष राम हैं। उनका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक आरोपित को दबोच लिया और धुनाई कर दी।

बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौके एक पिस्टल, दो गोली और दो खोखे बरामद किये गये हैं। आरोपित युवक गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव निवासी गजेंद्र यादव का पुत्र सूरज कुमार उर्फ सूरज कांत है। वह बरुहीं गांव स्थित अपने मामा के घर रहता है। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। मारपीट में उसे भी चोटें आयी है,

जिसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घटना के मूल में जाति आधारित गाना बजाने का विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से जाति आधारित गाना बजाने के विवाद की फिलहाल पुष्टि नहीं की गयी है। इधर, बारात में मारपीट और गोली मारे जाने से अफरातफरी मच गयी। बाराती और नाच देख रहे ग्रामीण सामियाने से भाग खड़े हुए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस बल के साथ पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।

उसके बाद पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि बारात में नाच के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। उसी दौरान गोली चल गई , जो एक व्यक्ति को लग गयी।

पूरी घटना की सच्चाई की जांच की जा रही है। एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया गया है। उसके साथ भी मारपीट हुई है। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाये होगे, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जायेगी।

जख्मी बोले: लड़कों ने कहा तुम्हारी नहीं, हमारी जाति का बजेगा गाना और मार दी गोली 

गोली से जख्मी बरुहीं गांव निवासी संतोष राम ने बताया कि रविवार की रात चरपोखरी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव से उनके चचेरे भाई अंटू राम की बेटी की बारात आयी थी। बारात में नाच का भी प्रोग्राम था। देर रात सामियाने में नाच-गाना हो रहा था। उसमें जाति आधारित गाना बज रहा था।

तभी दूसरे गांव के कुछ युवक आ गए और गाना बंद कराने लगे। लड़कों का कहना था कि उनकी जाति आधारित वाला बजेगा। नहीं तो नाच बंद होगा। उसे लेकर नोंकझोंक होने लगी। उसी बीच आरोपितों द्वारा फायरिंग की जाने लगी। उसी क्रम में एक आरोपित द्वारा उन्हें गोली मार दी गई। उसके बाद सामियाने में मौजूद लोगों द्वारा गोली मार कर भाग रहे एक आरोपित को पकड़ लिया। उसके पास से एक पिस्टल और दो गोली भी बरामद की गयी। घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए गए।