पुलिस की दबिश और कुर्की होते ही गोलीबारी में वांछित दो भाइयों ने किया सरेंडर

पुलिस की दबिश और कुर्की होते ही गोलीबारी में वांछित दो भाइयों ने किया सरेंडर

गंगा दियारा इलाके में 2006 में की थी गोलीबारी, तब से फरार चल रहे थे दोनों

केटी न्यूज/आरा 

जिले में एसपी के निर्देश पर रविवार को कुर्की, इश्तेहार और लंबित वारंट को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जिसके कारण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस की बढ़ती दबिश और कुर्की के डर से गोलीबारी के मामले में वर्षों से फरार चल रहे कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के दो वांछित आरोपितों ने सरेंडर कर दिया। बताया जाता है कि पुलिस ने जैसे ही उसके घर की कुर्की की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही दोनों भाइयों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने वालों में कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव निवासी सुदामा यादव और सुरेश यादव हैं। दोनों सहोदर भाई बताये जा रहे हैं। 

रविवार को एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि कुर्की, इस्तेमाल और वारंट के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर जिले भर अभियान चलाया गया। उसी क्रम में कृष्णगढ़ थाने की पुलिस दोनों आरोपितों के घर कुर्की करने पहुंची थी।‌‌ कुर्की की कार्रवाई शुरू होते ही दोनों ने सरेंडर कर दिया। इधर, कृष्णगढ़ थाने की पुलिस के अनुसार 2006 में दियारा इलाके में गोलीबारी की घटना हुई थी। उस मामले में दोनों नामजद अभियुक्त थे और उसी समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में दोनों आरोपितों के खिलाफ कुर्की के लिए कोर्ट में अर्जी दी गयी थी। उसे लेकर कोर्ट द्वारा दस दिन पूर्व ही कुर्की का आदेश दिया गया था। उसके बाद रविवार को मजिस्ट्रेट और थानाध्यक्ष विवेक कुमार के साथ पुलिस कुर्की करने आरोपितों के घर पहुंची थी। कुर्की की कार्रवाई शुरू होते ही दोनों भाइयों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया।