आरा में बाइक सवार बदमाशों के ताबड़तोड़ फायरिंग करने से मची अफरातफरी

आरा में बाइक सवार बदमाशों के ताबड़तोड़ फायरिंग करने से मची अफरातफरी

रमना मैदान के दक्षिण सड़क पर मनचलों ने वारदात को दिया अंजाम

मौके से खोखा, पिलेट, कार व बाइक जब्त; हिरासत में लिया गया एक फायरिंग में सड़क किनारे खड़ी कार पर लगी गोली सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी

केटी न्यूज/आरा

जिले के नवादा थाना क्षेत्र के रमना मैदान के दक्षिण ओर स्थित एक होटल के समीप बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की गई। घटना में लगभग आधा दर्जन राउंड फायरिंग की बात कही जा रही है। जिसमें सड़क किनारे खड़ी एक कार गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के

अनुसार बदमाशों की संख्या तीन थी। वहीं, पुलिस मामले में दो राउंड गोली चलने की बात कह रही है। इधर, सरेराह फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम पहुंची। एएसपी चंद्रप्रकाश और नवादा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 

छानबीन के दौरान मौके से एक खोखा, गोली का एक पिलेट और एक बाइक बरामद की गयी। साथ ही, डायल 112 की पुलिस की तत्परता के कारण भाग रहे एक युवक को भी हिरासत में लिया गया। वहीं, गोली लगी कार भी जब्त की गयी है। जब्त कार से आधा बोतल शराब भी बरामद हुई है। हिरासत में लिया गया युवक नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग निवासी बताया जा रहा है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। 

पकड़े गए युवक से की जा रही है पूछातछ :

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दो-तीन लड़के किसी बात को लेकर आपस में लड़ रहे थे। उसी दौरान एक दो राउंड फायरिंग की गयी है। सूचना मिलने पर तत्काल पहुंची पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। एक युवक को हिरासत में लिया गया। जिससे पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी ली जा रही है। छानबीन में जुटी पुलिस फायरिंग करने वालों की पहचान और धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।‌ कार और बाइक की

भी जांच की जा रही है। दोनों की घटना में संलिप्तता की भी छानबीन की जा रही है। कार से शराब मिलने की भी जांच की जा रही है। उस मामले में अलग से प्राथमिकी की जा रही है।

ताबड़तोड़ की फायरिंग और भाग निकले :

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब चाय बजे बाइक पर सवार कुछ बदमाश पहुंचे और उतरते ही फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो पांच से छह राउंड फायरिंग की गयी है। उस दौरानफायरिंग करने वालों द्वारा कुछ लड़कों के साथ मारपीट भी करने की बात कही जा रही है। उसके बाद सभी बदमाश भाग निकले। इधर, हिरासत में लिए युवक का कहना है कि उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है।‌ बताया कि बाइक सवार तीन लड़के ताबड़तोड़ गोली चला रहे थे। उसके बाद तीनों

लड़के बाइक से उतरे और वहां पर खड़े तीन लड़कों के साथ मारपीट करने लगे। उसके बाद लोग दौड़ कर भागने लगे। वह भी भाग रहा था। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।  

एएसपी चंद्र प्रकाश ने बताया कि अभी छानबीन की जा रही है। जांच में पता चला है कि कुछ लड़के उपद्रव करने आये थे। उनके द्वारा ही फायरिंग की गई है। सूचना मिलने पर 112 की टीम पहुंच गई थी। पुलिस द्वारा उनमें से एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है।एक कार बरामद की गई है।

अभी यह क्लियर नहीं हो पा रहा है कि कार का इस क्रिमिनल मामले में इंवॉल्वमेंट है या नहीं। घटनास्थल से खोखा और एक पिलेट बरामद हुआ है। एक राउंड फायरिंग की सूचना है। हालांकि लोगों द्वारा फायरिंग की संख्या ज्यादा बताई गई है। वह अभी तक कंफर्म नहीं हो पाया है। मौके से एक बाइक भी मिली है। जिस कार पर गोली लगी है, उससे  हाफ बोतल शराब बरामद हुई है।