बनारपुर पैक्स चुनाव : पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दो दावेदारों ने भरा पर्चा
बनारपुर पैक्स चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रखंड मुख्यालय में नामांकन के पहले दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही से चुनावी सरगर्मी तेज रही। अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए छह प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।

केटी न्यूज/चौसा।
बनारपुर पैक्स चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रखंड मुख्यालय में नामांकन के पहले दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही से चुनावी सरगर्मी तेज रही। अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए छह प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मनोज पासवान ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए राजेश तिवारी और मुन्ना सिंह ने नामांकन किया है। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए छह अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रखंड मुख्यालय में आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

नामांकन के दौरान प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे। इससे परिसर में दिनभर चुनावी गतिविधियां बनी रहीं। हालांकि, निर्धारित नियमों के अनुसार नामांकन स्थल के अंदर केवल प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। अधिकारियों की निगरानी में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई गई।बनारपुर पैक्स चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन गुरुवार निर्धारित है। ऐसे में अंतिम दिन अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए कई और प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच और अन्य चुनावी प्रक्रियाएं पूरी होंगी।

निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुरूप की जा रही हैं। एक सितंबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी होगी। मतगणना के बाद बनारपुर पैक्स को नया अध्यक्ष और कार्यकारिणी मिलेगी। नामांकन के पहले दिन दो उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प होने के आसार बन गए हैं।

