भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से संबंधित अद्यतन कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

__ 11 मई को होगी संयुक्त ब्रीफिंग, 12 मई को मतदान के बाद आरा में जमा होंगी मतपेटिकाएं
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से संबंधित अद्यतन कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए।

समीक्षा बैठक में मतदान केंद्रों की तैयारी, मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा व्यवस्था, मतपत्र एवं चुनाव सामग्री वितरण, परिवहन व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष संचालन तथा मतदान उपरांत मतपेटिकाओं के सुरक्षित संकलन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के एक दिन पूर्व यानी 11 मई 2026 को अपराह्न 2:00 बजे से नियंत्रण कक्ष कार्यरत हो जाएगा। इस दौरान चुनाव से संबंधित सभी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी तथा किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए अधिकारी तैनात रहेंगे।इसके अलावा 11 मई को पूर्वाह्न 11:30 बजे से संयुक्त ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी पीठासीन पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा संयुक्त आदेश में प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारी शामिल होंगे।

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से अधिकारियों और कर्मियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देश देंगे।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी मतदान कर्मी एवं पुलिस बल मतपत्र और मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद उसी दिन अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे तथा मतदान केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक तैयारी पूरी करेंगे।निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 12 मई को मतदान संपन्न होने के बाद सभी मतदान दल मतपेटिका एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को सुरक्षित रूप से राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय, आरा में जमा करेंगे। इसके लिए सुरक्षा एवं परिवहन की विशेष व्यवस्था की जा रही है।जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन कार्य के प्रति पूरी गंभीरता और सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है, ताकि उप निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

