‘विश्वामित्र पथ’ से जुड़ेगा बक्सर-भागलपुर, महिलाओं की आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया बाजार

वामन द्वादशी के मौके पर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर पहुंचे। उन्होंने वामन भगवान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।

‘विश्वामित्र पथ’ से जुड़ेगा बक्सर-भागलपुर, महिलाओं की आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया बाजार

__ वामन मंदिर में पूजा-अर्चना से लेकर विकास योजनाओं के उद्घाटन तक मुख्यमंत्री का बक्सर दौरा; 92 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, जीविका दीदियों से संवाद कर बढ़ाई हौसला-अफजाई

केटी न्यूज/बक्सर।

वामन द्वादशी के मौके पर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर पहुंचे। उन्होंने वामन भगवान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी साहिला ने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित विकास कार्यों के लेआउट प्लान की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर परिसर के विकास को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बक्सर की कनेक्टिविटी को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बक्सर से भागलपुर के बीच बनने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का नाम ‘विश्वामित्र पथ’ रखा जाएगा। यह मार्ग बक्सर को भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई, बांका और भागलपुर से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से बक्सर के विकास को नई गति मिलेगी।इसके बाद मुख्यमंत्री ने ज्योति चौक के समीप कटहिया पुल से सोन नहर कैनाल का निरीक्षण किया। अधिकारियों से कैनाल की स्थिति और उपयोगिता की जानकारी लेते हुए उन्होंने सिंचाई के लिए पानी रोकने को वियर निर्माण का निर्देश दिया।

__ 92 करोड़ की योजनाओं की सौगात

बक्सर सदर प्रखंड के चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में मुख्यमंत्री ने जीविका भवन का उद्घाटन किया। सिलाई केंद्र में काम कर रही महिलाओं से संवाद कर उन्होंने उनके रोजगार और आमदनी की जानकारी ली। इस दौरान करीब 92 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभुकों को सोलर प्रोत्साहन योजना, आयुष्मान कार्ड एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से संबंधित सांकेतिक चेक भी प्रदान किए।स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सामान्य मरीजों को अनावश्यक रूप से जिला या अनुमंडल अस्पतालों से बड़े अस्पतालों में रेफर नहीं किया जाए। स्थानीय अस्पतालों में ही बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

__ 10 हजार की मदद से खड़ा हुआ रोजगार का रास्ता

‘कहानी बदलाव की, बदलाव के साक्षी’ कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी सफलता की कहानी साझा की। डुमरांव की संध्या देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिले 10 हजार रुपये से उन्होंने व्यवसाय शुरू करने के साथ जैविक सब्जी की खेती शुरू की। वहीं सिमरी की लीलावती देवी ने सहायता राशि से सिलाई मशीन और भैंस का बच्चा खरीदकर स्वरोजगार शुरू किया। आज उनके पास चार भैंस हैं

और वे किराना दुकान भी चलाती हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने अपनी मेहनत और हुनर से 1.36 लाख करोड़ रुपये का बाजार खड़ा किया है।मुख्यमंत्री ने बकरीपालन को बढ़ावा देने के लिए बकरी के दूध की सुधा के माध्यम से बिक्री की व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही सब्जी उत्पादकों को सहकारिता विभाग से जोड़ने के लिए एमओयू कराने तथा गांव में ही उत्पादों का बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने को कहा।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। स्व. कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, विधायक आनंद मिश्रा, संतोष कुमार निराला, राहुल कुमार सिंह, विधान पार्षद जीवन कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह व संजय कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार, डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी साहिला और एसपी शुभम आर्य समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।