मॉडल बूथ बना लोकतंत्र का उत्सव स्थल, रेड कार्पेट एंट्री और सजावट से खिले मतदाताओं के चेहरे

201 डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में आज मतदान का नजारा किसी उत्सव से कम नहीं रहा। लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वर्ग की भागीदारी ने पूरे क्षेत्र को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया। विशेष रूप से डुमरांव क्षेत्र में बनाए गए मॉडल बूथ ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मतदान केंद्र की सजावट, स्वच्छता और मतदाताओं के स्वागत के अनोखे इंतजामों ने इसे एक आदर्श मतदान स्थल बना दिया।

मॉडल बूथ बना लोकतंत्र का उत्सव स्थल, रेड कार्पेट एंट्री और सजावट से खिले मतदाताओं के चेहरे

केटी न्यूज/डुमरांव

201 डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में आज मतदान का नजारा किसी उत्सव से कम नहीं रहा। लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वर्ग की भागीदारी ने पूरे क्षेत्र को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया। विशेष रूप से डुमरांव क्षेत्र में बनाए गए मॉडल बूथ ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मतदान केंद्र की सजावट, स्वच्छता और मतदाताओं के स्वागत के अनोखे इंतजामों ने इसे एक आदर्श मतदान स्थल बना दिया।

क्षेत्र की निर्वाचन प्रेक्षक एन.के. गुंडे ने आज मॉडल बूथ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं, सुविधाओं और मतदाताओं के स्वागत के लिए किए गए विशेष प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें मतदाताओं को प्रेरित करती हैं और लोकतंत्र के प्रति लोगों के विश्वास को और मजबूत बनाती हैं।

मॉडल बूथ पर मतदाताओं के लिए रेड कार्पेट एंट्री, फूलों से सजी दीवारें, और सुगंधित वातावरण ने मतदान को एक उत्सव का रूप दे दिया। मतदान केंद्र पर बने सेल्फी प्वाइंट ने युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों को खूब आकर्षित किया। वोट डालने के बाद मतदाता गर्व और खुशी के साथ तस्वीरें लेते नजर आए। उनके चेहरों पर लोकतंत्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की झलक स्पष्ट दिख रही थी।

महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी वर्ग के लोग मतदान के प्रति उत्साहित दिखे। प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित तैयारियों और शांतिपूर्ण वातावरण ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाया। पूरे दिन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और सहयोग का माहौल बना रहा।डुमरांव सहित पूरे बक्सर जिले में आज मतदान शांतिपूर्ण, पारदर्शी और उल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। हर बूथ पर मतदाताओं का उत्साह देखने लायक था। जिले के प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों ने लगातार निरीक्षण कर मतदान को निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराया।

डुमरांव के इस मॉडल बूथ ने न सिर्फ मतदान को सहज और आकर्षक बनाया, बल्कि यह भी साबित किया कि जब लोकतंत्र को उत्सव की तरह मनाया जाए, तो जनता की भागीदारी अपने आप बढ़ जाती है। यह बूथ जिले में अन्य मतदान केंद्रों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।