चौसा में कल होगा विधान परिषद उपचुनाव, जनप्रतिनिधि तय करेंगे राजनीतिक दिशा
भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव को लेकर चौसा प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में पंचायतों और नगर निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधान परिषद के नए सदस्य के चयन में भागीदारी निभाएंगे। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे प्रखंड क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।


केटी न्यूज/चौसा
भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव को लेकर चौसा प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में पंचायतों और नगर निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधान परिषद के नए सदस्य के चयन में भागीदारी निभाएंगे। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे प्रखंड क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीडीओ कक्ष को मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। चौसा प्रखंड में कुल 148 जनप्रतिनिधि मतदाता हैं, जिनमें 76 पुरुष और 72 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान में पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों और नगर निकाय से जुड़े निर्वाचित सदस्य हिस्सा लेंगे।

उपचुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और समर्थक समूहों ने पिछले कई दिनों से जनप्रतिनिधियों के बीच लगातार संपर्क अभियान चलाया। क्षेत्र में बैठकों, रणनीतिक चर्चाओं और समीकरणों को लेकर दिनभर राजनीतिक गतिविधियां जारी रहीं। इस चुनाव को स्थानीय राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।बीडीओ मनोज पासवान ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। मतदान केंद्र पर सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी तथा मजिस्ट्रेट की निगरानी में संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन ने मतदाताओं से समय पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने की अपील की है।स्थानीय निकाय क्षेत्र के इस उपचुनाव पर राजनीतिक दलों की विशेष नजर बनी हुई है, क्योंकि इसके परिणाम का असर आने वाले स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है।

