बच्चों की कल्पना में दिखा विकसित भारत का सपना, 900 विद्यालयों में गूंजी रचनात्मकता

सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को बक्सर जिले के 900 से अधिक प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विकसित, आत्मनिर्भर, शिक्षित, स्वच्छ एवं सशक्त भारत की तस्वीर कागज और कैनवास पर उकेरी।

बच्चों की कल्पना में दिखा विकसित भारत का सपना, 900 विद्यालयों में गूंजी रचनात्मकता

__ ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने चित्रों और भाषणों से रखी अपने भारत की तस्वीर, प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

केटी न्यूज/बक्सर।

सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को बक्सर जिले के 900 से अधिक प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विकसित, आत्मनिर्भर, शिक्षित, स्वच्छ एवं सशक्त भारत की तस्वीर कागज और कैनवास पर उकेरी। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावी ढंग से सामने रखा।इसी क्रम में सिमरी प्रखंड के डुमरी मंडल अंतर्गत मध्य विद्यालय खरहाटांड में भी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। भाजपा जिला मंत्री संध्या पाण्डेय ने बच्चों के साथ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में भाग लेते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश के भविष्य हैं। उनके भीतर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक बदलाव और विकास की सोच जितनी मजबूत होगी, देश का भविष्य उतना ही सशक्त होगा।जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसी ने स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त भारत की कल्पना चित्रों के जरिए प्रस्तुत की तो किसी ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और आधुनिक भारत को अपने सपनों का हिस्सा बताया। शिक्षकों एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बच्चों को समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का उत्साह भी देखने को मिला।कार्यक्रम के जिला संयोजक अमरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जिला संगठन और जिला शिक्षा विभाग के बेहतर समन्वय के कारण विपरीत मौसम के बावजूद जिले के 900 से अधिक विद्यालयों में अभियान के तहत कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों को केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर नहीं मिलता, बल्कि उनके भीतर राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।मौके पर विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभियान से जुड़े पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।