पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, परिसीमन व आरक्षण प्रक्रिया साथ-साथ

सिकरौल पंचायत के पूर्व मुखिया विभोर कुमार द्विवेदी ने पटना में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की। इस दौरान पंचायत के विकास, जनहित से जुड़े विषयों के साथ-साथ आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, परिसीमन व आरक्षण प्रक्रिया साथ-साथ

__ सिकरौल के पूर्व मुखिया ने पंचायती राज मंत्री व राज्यसभा सांसद से की मुलाकात, पंचायत के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

केटी न्यूज/डुमरांव।

सिकरौल पंचायत के पूर्व मुखिया विभोर कुमार द्विवेदी ने पटना में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की। इस दौरान पंचायत के विकास, जनहित से जुड़े विषयों के साथ-साथ आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान पंचायत की मौजूदा जरूरतों और विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा गया।पूर्व मुखिया ने पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। इस पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर चल रही प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर परिसीमन एवं आरक्षण की प्रक्रिया एक साथ चल रही है। हालांकि, चुनाव की संभावित तिथि को लेकर मंत्री की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।पंचायत चुनाव को लेकर परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के तेज होने की संभावना है। संभावित प्रत्याशी और पंचायत के विभिन्न वर्गों के लोग चुनावी तैयारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।मुलाकात के दौरान पंचायती राज मंत्री ने सिकरौल पंचायत का दौरा करने पर भी सहमति जताई। मंत्री के पंचायत आगमन की सहमति को लेकर पूर्व मुखिया विभोर कुमार द्विवेदी ने प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि मंत्री का पंचायत में आगमन क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी की बात है। उनके दौरे के दौरान पंचायत की विकास संबंधी प्राथमिकताओं, आधारभूत सुविधाओं तथा जनहित के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सीधे तौर पर चर्चा का अवसर मिलेगा।पूर्व मुखिया ने उम्मीद जताई कि मंत्री के पंचायत दौरे से स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर संबंधित स्तर पर प्रभावी पहल का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, पंचायत के लोगों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को सरकार तक पहुंचाने में भी यह दौरा महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।