चौसा में जनगणना की नई तैयारी, डिजिटल व्यवस्था से घर-घर पहुंचेगी टीम
चौसा नगर पंचायत में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला चरण मंगलवार को सफलतापूर्वक पूरा हो गया। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों ने जनगणना कार्य को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली पर विशेष जोर दिया।

केटी न्यूज/चौसा
चौसा नगर पंचायत में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला चरण मंगलवार को सफलतापूर्वक पूरा हो गया। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों ने जनगणना कार्य को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली पर विशेष जोर दिया।बालिका मध्य विद्यालय परिसर में 19 अप्रैल से शुरू हुए इस प्रशिक्षण शिविर में पहले चरण के तहत 30 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को एचएलओ ऐप के संचालन, डेटा प्रविष्टि, ऑनलाइन सर्वेक्षण प्रक्रिया और तकनीकी सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि इस बार जनगणना कार्य में मोबाइल आधारित तकनीक का अधिक उपयोग किया जाएगा, जिससे आंकड़ों का संकलन तेज और सटीक हो सकेगा।जनगणना कोषांग के नोडल पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में 24 अप्रैल तक चलेगा। दूसरे चरण में भी शेष प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।प्रशिक्षक डॉ. सुरेंद्र सिंह और विनोद कुमार चौधरी ने प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि अब नागरिक स्वयं भी मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

इससे समय की बचत होगी और आंकड़ों की शुद्धता भी बढ़ेगी।अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से पूरा करें। सही आंकड़े ही विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं, इसलिए हर घर तक पहुंचकर वास्तविक जानकारी जुटाना जरूरी है।इस मौके पर कार्यालय सहायक प्रभाकांत मिश्रा, अमित पांडे, मोहम्मद शमीम, सत्य प्रकाश समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

