चून्नीडेरा में मृत युवती के परिजनों से मिली भाकपा-माले टीम, न्याय व सुरक्षा की मांग
चक्की प्रखंड के चून्नीडेरा गांव में संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई युवती सुनीता के परिजनों से मिलने बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) की पांच सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
केटी न्यूज/डुमरांव
चक्की प्रखंड के चून्नीडेरा गांव में संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई युवती सुनीता के परिजनों से मिलने बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) की पांच सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।टीम का नेतृत्व माले नेता सह मणियां मुखिया प्रतिनिधि रामदेव सिंह यादव कर रहे थे। उनके साथ अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव के रूप में भी वे मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल में ऐपवा जिला अध्यक्ष रेखा देवी, जिला सचिव संध्या पाल, अखिल भारतीय खेत-ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला सह सचिव बीरबहादुर पासवान तथा ऐपवा नेता पूजा यादव शामिल थे।टीम ने परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों से भी बातचीत की और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने मृत युवती के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी तथा कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जांच के नाम पर निर्दोष ग्रामीणों को प्रताड़ित नहीं करने की मांग प्रशासन से की गई।

माले नेताओं ने कहा कि जिले सहित पूरे बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विफल रहने का आरोप लगाया। रामदेव सिंह यादव ने कहा कि घटना को दस दिन बीत जाने के बावजूद अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है।टीम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

