ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान: कनझरुआ पंचायत में आधुनिक पुस्तकालय का शुभारंभ

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत डुमरांव प्रखंड के कनझरुआ पंचायत में आधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। पंचायती राज विभाग के निर्देश पर स्थापित इस पुस्तकालय का उद्घाटन एसडीएम राकेश कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ फीता काटकर किया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान: कनझरुआ पंचायत में आधुनिक पुस्तकालय का शुभारंभ

केटी न्यूज/डुमरांव

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत डुमरांव प्रखंड के कनझरुआ पंचायत में आधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। पंचायती राज विभाग के निर्देश पर स्थापित इस पुस्तकालय का उद्घाटन एसडीएम राकेश कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ फीता काटकर किया। कार्यक्रम में कनझरुआ पंचायत के मुखिया असगर अली, मुंगाव पंचायत के मुखिया इंदल सिंह, ग्रामीण अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकालय आकर अध्ययन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की सुविधाएं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का समान अवसर प्रदान करेंगी।पुस्तकालय में विभिन्न विषयों की पाठ्यपुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री, दैनिक समाचार पत्र, पत्रिकाएं और संदर्भ पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। शांत एवं सुव्यवस्थित वातावरण विद्यार्थियों को एकाग्र होकर पढ़ाई करने में सहायक होगा।

मुखिया असगर अली ने इसे पंचायत स्तर पर शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। वहीं मुखिया इंदल सिंह ने कहा कि यह पुस्तकालय ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाएगा। ग्रामीण अभिभावकों ने भी प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अब उनके बच्चों को बेहतर अध्ययन सामग्री के लिए शहर का रुख नहीं करना पड़ेगा।पंचायत स्तर पर पुस्तकालय की यह पहल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक और दूरगामी प्रयास के रूप में देखी जा रही है।