वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद बड़ी कार्रवाई: बगेन थाना के दारोगा मनीष कुमार निलंबित
सरस्वती पूजा पंडाल में नर्तकी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिख रहे बगेन थाना के दारोगा मनीष कुमार के वायरल वीडियो मामले में पुलिस विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मामला संज्ञान में आने तथा खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी किए थे।
केटी न्यूज/डुमरांव
सरस्वती पूजा पंडाल में नर्तकी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिख रहे बगेन थाना के दारोगा मनीष कुमार के वायरल वीडियो मामले में पुलिस विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मामला संज्ञान में आने तथा खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी किए थे।एसपी ने इस मामले की जांच का जिम्मा डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार को सौंपा। एसडीपीओ द्वारा की गई जांच में वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई।

जांच में पाया गया कि वीडियो सरस्वती पूजा के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का ही है, जिसमें दारोगा मनीष कुमार वर्दी की गरिमा के विपरीत आचरण करते नजर आ रहे हैं।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी मनीष कुमार ने बिना विलंब किए बगेन थाना में पदस्थापित दारोगा मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।गौरतलब है कि सरस्वती पूजा की रात थाना के समीप आयोजित कार्यक्रम में भोजपुरी गीतों पर नृत्य का आयोजन किया गया था। उसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दारोगा एक नर्तकी को गोद में बैठाए दिखाई दे रहे थे।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और आम लोगों के बीच भी इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।एसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रतिकूल व्यवहार करने वाले कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं मिलेगा।

