लगातार दूसरी बड़ी कामयाबी पर नया भोजपुर पुलिस का बढ़ा मान, थानाध्यक्ष चंदन कुमार को एसपी ने किया सम्मानित

नया भोजपुर थाना पुलिस की प्रभावी कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। निजी विद्यालय में हुई चोरी की घटना का शीघ्र उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने नया भोजपुर के थानाध्यक्ष चंदन कुमार को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।

लगातार दूसरी बड़ी कामयाबी पर नया भोजपुर पुलिस का बढ़ा मान, थानाध्यक्ष चंदन कुमार को एसपी ने किया सम्मानित

__ डॉलफिन स्कूल चोरी कांड का त्वरित खुलासा कर बरामद किया गया चोरी का सामान, उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना पुलिस की प्रभावी कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। निजी विद्यालय में हुई चोरी की घटना का शीघ्र उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने नया भोजपुर के थानाध्यक्ष चंदन कुमार को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। इस उपलब्धि को जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।एसपी कार्यालय से जारी ज्ञापांक-5308 के अनुसार, अंचल निरीक्षक की अनुशंसा पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने मामले के त्वरित निष्पादन, वैज्ञानिक अनुसंधान और टीम के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य पुलिस पदाधिकारियों के लिए प्रेरणादायी बताया।

कुछ माह पूर्व नया भोजपुर स्थित डॉलफिन स्कूल में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें अपराधियों ने विद्यालय परिसर से गैस सिलेंडर और बड़ी बैटरी चुरा ली थी। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष कुमार सिंह के आवेदन पर नया भोजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर त्वरित छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने चार आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गई बैटरी और गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया। कम समय में हुई इस कार्रवाई से न केवल मामले का सफल खुलासा हुआ, बल्कि क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास भी और मजबूत हुआ।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब थानाध्यक्ष चंदन कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया हो। इससे पूर्व उन्होंने महज 48 घंटे के भीतर बकरा व्यवसायी से छह लाख रुपये की लूटकांड का सफल खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया था। उस उल्लेखनीय उपलब्धि पर भी उन्हें प्रशस्ति पत्र संख्या-4337 के माध्यम से सम्मानित किया गया था।सम्मान प्राप्त करने के बाद थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि यह सम्मान उनकी पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर तालमेल का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करते रहेंगे।