सूने घर में चोरी: बीमार वृद्धा के इलाज के दौरान छत के रास्ते घुसे चोर, लाखों की संपत्ति ले उड़े
स्थानीय थाना क्षेत्र के दंगौली गांव में सूने पड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर की देखरेख कर रही वृद्ध महिला बीमारी के कारण परिजनों के साथ इलाज के लिए दिल्ली गई हुई थीं।
केटी न्यूज/नावानगर:
स्थानीय थाना क्षेत्र के दंगौली गांव में सूने पड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर की देखरेख कर रही वृद्ध महिला बीमारी के कारण परिजनों के साथ इलाज के लिए दिल्ली गई हुई थीं।घर बंद होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते अंदर घुसे और इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब पड़ोस की एक महिला ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उसे शक हुआ।

अंदर झांकने पर सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और गृहस्वामी रमेश कुमार को फोन पर घटना की जानकारी दी गई।परिवार के गांव पहुंचने पर देखा गया कि गोदरेज, बक्सा और सूटकेस के ताले टूटे हुए थे तथा कमरे पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़े थे। गृहस्वामी के अनुसार करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। थानाध्यक्ष प्रफुल कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है।

