मरम्मत के लिए जा रही फायर ब्रिगेड बीच रास्ते बनी हादसे का शिकार
आग से जंग लड़ने वाली गाड़ी खुद सड़क हादसे का शिकार हो गई। आरा-बक्सर फोरलेन पर प्रतापसागर के समीप उस वक्त हड़कंप मच गया जब डुमरांव अग्निशमन विभाग की एक फायर ब्रिगेड गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।
प्रतापसागर के पास स्टेयरिंग फेल होने की आशंका, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी समेत चार कर्मी घायल, बड़ा हादसा टला
केटी न्यूज/डुमरांव
आग से जंग लड़ने वाली गाड़ी खुद सड़क हादसे का शिकार हो गई। आरा-बक्सर फोरलेन पर प्रतापसागर के समीप उस वक्त हड़कंप मच गया जब डुमरांव अग्निशमन विभाग की एक फायर ब्रिगेड गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में तकनीकी खराबी आने से यह हादसा हुआ। आशंका जताई जा रही है कि गाड़ी का स्टेयरिंग अचानक जवाब दे गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। बताया जाता है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग अपनी गाड़ियों को पूरी तरह दुरुस्त करने में जुटा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का लगभग 80 प्रतिशत मरम्मत कार्य पूरा हो चुका था और शेष कार्य के लिए उसे बक्सर ले जाया जा रहा था।

हादसे के समय गाड़ी में अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी, चालक राजकुमार और दो अग्निक सिपाही सवार थे। प्रतापसागर के पास अचानक वाहन असंतुलित हुआ और पलट गया। दुर्घटना में शिखा कुमारी को आंशिक चोटें आईं, जबकि चालक राजकुमार समेत अन्य कर्मियों को भी हल्की चोट लगी।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई। पास स्थित टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। एनएचएआई और पीएनसी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सभी को इलाज के लिए मेथोडिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई।

दुर्घटना के बाद पीएनसी टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया। गनीमत रही कि हादसा भीषण रूप नहीं ले सका। फायर ब्रिगेड के कर्मी सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने विभागीय वाहनों की तकनीकी जांच और रखरखाव को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
