साड़ी का पल्लू बना काल, चलती बाइक से गिरकर पूर्व मुखिया की मौत

कोरान सराय थाना क्षेत्र के चुआड़ गांव निवासी और कनझरुआं पंचायत की पूर्व मुखिया आरती देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पति के साथ बाइक से घर लौटने के दौरान बगही गांव के समीप उनकी साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पहिए में फंस गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

साड़ी का पल्लू बना काल, चलती बाइक से गिरकर पूर्व मुखिया की मौत

__ पति के साथ गांव लौट रही थीं आरती देवी, बगही के पास पहिए में फंसा पल्लू; हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम, इलाके में पसरा मातम

केटी न्यूज/डुमरांव।

कोरान सराय थाना क्षेत्र के चुआड़ गांव निवासी और कनझरुआं पंचायत की पूर्व मुखिया आरती देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पति के साथ बाइक से घर लौटने के दौरान बगही गांव के समीप उनकी साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पहिए में फंस गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही चुआड़ गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार आरती देवी अपने पति एवं पूर्व जिला पार्षद धनबिहारी पासवान के साथ जिला मुख्यालय से बाइक पर सवार होकर नहर मार्ग के रास्ते गांव लौट रही थीं। बगही गांव के समीप अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पहिए में फंस गया।

पल्लू खिंचने से वह बाइक से असंतुलित होकर बीच सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।पूर्व मुखिया की असमय मौत की सूचना मिलते ही चुआड़ गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उनके घर पहुंचने लगे। स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा। ग्रामीणों ने आरती देवी के निधन को पंचायत और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि उनका अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है।आरती देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति धनबिहारी पासवान समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर दोपहिया वाहन पर साड़ी के पल्लू और ढीले कपड़ों को लेकर बरती जाने वाली सावधानी की जरूरत को भी सामने ला दिया है।