सड़क खाली कराने उतरा नगर परिषद, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप

शहर की सड़कों और फुटपाथ पर पसरे अतिक्रमण को लेकर आखिरकार नगर परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को स्टेशन रोड से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान राज गोला होते हुए ऐतिहासिक राजगढ़ चौक तक पहुंचा। नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई शुरू होते ही सड़क किनारे कब्जा जमाए दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।

सड़क खाली कराने उतरा नगर परिषद, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप

__ स्टेशन रोड से राजगढ़ चौक तक चला अभियान, पक्की दुकानों के आगे ठेला-गुमटी लगवाकर वसूली करने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी

केटी न्यूज/डुमरांव।

शहर की सड़कों और फुटपाथ पर पसरे अतिक्रमण को लेकर आखिरकार नगर परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को स्टेशन रोड से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान राज गोला होते हुए ऐतिहासिक राजगढ़ चौक तक पहुंचा। नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई शुरू होते ही सड़क किनारे कब्जा जमाए दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। कई दुकानदार कार्रवाई से पहले ही अपनी दुकानों के आगे रखे सामान, अस्थायी निर्माण और अन्य अवरोध हटाते नजर आए।अभियान की कमान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे और डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने संभाल रखी थी। पुलिस बल के साथ नगर परिषद की टीम जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे सड़क और फुटपाथ खाली होते गए। प्रशासन का जोर सड़क की चौड़ाई बहाल करने और यातायात को सुचारू बनाने पर रहा।

__  थाना के पास बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

अभियान के दौरान थाना के समीप कुछ स्थानीय दुकानदारों और नगर परिषद कर्मियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण होने लगा। हालांकि पुलिस की तत्परता और समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद अभियान दोबारा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।

__ ‘अब हिदायत नहीं, लगेगा भारी जुर्माना’

ईओ राहुलधर दुबे ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान किसी एक दिन की कार्रवाई नहीं है। शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा करने वालों को भारी जुर्माने की चेतावनी दी।ईओ ने खास तौर पर उन बड़े दुकानदारों पर भी कार्रवाई के संकेत दिए, जो अपनी पक्की दुकानों के सामने सड़क अथवा फुटपाथ पर ठेला-गुमटी लगवाकर उनसे प्रतिदिन राशि वसूलते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दुकानदारों की पहचान की जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

__ अतिक्रमण हटेगा तो रोजी-रोटी का भी होगा इंतजाम

अभियान के दौरान फुटपाथी दुकानदारों की रोजी-रोटी का सवाल भी सामने आया। फुटपाथी संघ के नेता मिंटू हाशमी ने कहा कि छोटे दुकानदारों को हटाना समाधान नहीं है। प्रशासन को पहले उनके लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त रहे और गरीब दुकानदारों का रोजगार भी न छिने।इस मांग पर नगर परिषद प्रशासन ने सकारात्मक रुख दिखाया है। ईओ ने बताया कि अमीन को फुटपाथी दुकानदारों के पुनर्वास के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। स्थल चयन के बाद दुकानदारों को निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा। इससे एक ओर शहर की सड़कें अतिक्रमणमुक्त होंगी, वहीं दूसरी ओर फुटपाथी दुकानदारों को भी व्यवस्थित तरीके से कारोबार करने की जगह मिल सकेगी।प्रशासन की इस दोहरी रणनीति से साफ है कि अब डुमरांव में सड़क पर कब्जे के साथ-साथ कब्जे के जरिए कमाई के खेल पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।