अंबेडकर आवासीय विद्यालय में जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से जानी समस्याएं
प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में सोमवार की शाम जिला पार्षद विद्या भारती एवं मुखिया अरविंद यादव उर्फ गामा पहलवान ने पहुंचकर विद्यालय का जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

केटी न्यूज/केसठ ।
प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में सोमवार की शाम जिला पार्षद विद्या भारती एवं मुखिया अरविंद यादव उर्फ गामा पहलवान ने पहुंचकर विद्यालय का जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष पेयजल, भोजन और पठन-पाठन से जुड़ी कई समस्याएं रखीं। बच्चों का आरोप था कि विद्यालय में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने शिकायत की। इसके अलावा पठन-पाठन में भी कथित रूप से अनियमितता बरते जाने की बात बच्चों ने बताई।

छात्र-छात्राओं ने बताया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन उनकी शिकायतों का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका। बच्चों का आरोप है कि समस्या उठाने पर उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही दबाव में लेने का प्रयास किया जाता है।जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विद्यालय की व्यवस्था को लेकर आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

गौरतलब है कि बीते 27 सितम्बर को इसी विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मूलभूत सुविधाओं की कमी और कथित अव्यवस्था के विरोध में पैदल जिला मुख्यालय पहुंचे थे। बच्चों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं रखने की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच टीम द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं और बच्चों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। अब जनप्रतिनिधियों के निरीक्षण के बाद विद्यालय की व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।

