जल बचाने की मुहिम को मिला जनप्रतिनिधि का समर्थन, राज्य सम्मान के लिए बढ़ा अजय राय का नाम
जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में जुटे युवा समाजसेवी अजय राय के प्रयासों को अब जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिलने लगा है। डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'जल-जीवन-हरियाली' योजना के तहत जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने की अनुशंसा की है।

__ डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजी अनुशंसा, कहा— जल संरक्षण के क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणा हैं अजय राय
केटी न्यूज/डुमरांव।
जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में जुटे युवा समाजसेवी अजय राय के प्रयासों को अब जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिलने लगा है। डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'जल-जीवन-हरियाली' योजना के तहत जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने की अनुशंसा की है।विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि अजय राय पिछले कई वर्षों से जल संरक्षण को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने अपने निजी संसाधनों से हजारों सार्वजनिक एवं घरेलू नलों में टोटियां लगवाकर पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने का सराहनीय प्रयास किया है।

इस पहल के कारण प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी की बचत हो रही है, जो जल संकट से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।अनुशंसा पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अजय राय केवल तकनीकी उपायों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में जल संरक्षण की सोच विकसित करने के लिए भी निरंतर सक्रिय हैं। वे सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, संवाद कार्यक्रम तथा जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को जल के महत्व और उसके विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करते हैं। उनका संदेश है कि पानी की हर बूंद भविष्य की अमूल्य धरोहर है, जिसे बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जल संरक्षण के क्षेत्र में अजय राय द्वारा किए जा रहे समर्पित एवं प्रेरणादायी कार्यों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाए। उनका कहना है कि ऐसे युवाओं को सम्मान मिलने से समाज में पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा तथा अन्य लोग भी इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित होंगे।इधर, विधायक की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। नागरिकों का मानना है कि अजय राय का अभियान केवल पानी बचाने तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संदेश भी देता है। लोगों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनके योगदान का उचित मूल्यांकन करते हुए उन्हें सम्मानित करेगी।

