अग्नि सुरक्षा के तीसरे दिन दौड़ी जागरूकता की मुहिम, मैराथन और खेल प्रतियोगिता का आयोजन
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत डुमरांव में गुरुवार को जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मैराथन और खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अग्निशमन विभाग की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आग से बचाव के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
__ फिट इंडिया अभियान के तहत निकली रैली, बच्चों से लेकर युवाओं तक ने दिखाया उत्साह
केटी न्यूज/डुमरांव
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत डुमरांव में गुरुवार को जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मैराथन और खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अग्निशमन विभाग की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आग से बचाव के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।मैराथन की शुरुआत पुराना ब्लॉक परिसर से हुई, जो जंगली शिव बाबा मंदिर होते हुए नया भोजपुर तक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। सड़क किनारे मौजूद स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि आग लगने की अधिकांश घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें समय रहते सतर्कता और सही जानकारी के जरिए रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा के उपायों को गंभीरता से अपनाएं।मुख्य अतिथि एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपील की।

मैराथन में अग्निशमन कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और भोला फिजिकल एकेडमी के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन के बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, वहीं सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।इसके अलावा कार्यक्रम के अंतर्गत वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विजेता टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।आयोजन के दौरान अनुशासन, ऊर्जा और जागरूकता का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने जहां लोगों को स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित किया, वहीं अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से सोचने का संदेश भी दिया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

