जिलाधिकारी साहिला ने किया भभुअर तालाब का स्थल निरीक्षण, मार्च तक जीर्णाेद्धार कार्य पूर्ण करने का निर्देश
जिलाधिकारी साहिला द्वारा बक्सर प्रखंड अंतर्गत स्थित भभुअर तालाब का स्थल भ्रमण कर वहां चल रहे जीर्णाेद्धार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला द्वारा बक्सर प्रखंड अंतर्गत स्थित भभुअर तालाब का स्थल भ्रमण कर वहां चल रहे जीर्णाेद्धार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल बक्सर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि भभुअर तालाब से संबंधित सभी कार्य लघु सिंचाई विभाग के माध्यम से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तालाब के जीर्णाेद्धार का कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है और निर्धारित योजना के अनुसार इसे पूरा किया जा रहा है।

जिलाधिकारी साहिला ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि भभुअर तालाब का जीर्णाेद्धार कार्य हर हाल में मार्च माह तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने तालाब क्षेत्र को जनोपयोगी और सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भभुअर तालाब परिसर में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने शौचालय, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, बैठने के लिए उचित स्थान, तथा अन्य आवश्यक संरचनाओं के निर्माण का निर्देश दिया, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ स्वच्छता और रख-रखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी निर्माण कार्य मानक के अनुरूप हों।जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि भभुअर तालाब का जीर्णाेद्धार पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र न केवल जल संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, बल्कि आम नागरिकों के लिए एक उपयोगी एवं आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगा।

