स्वच्छता पर बच्चों ने उकेरी सुंदर तस्वीरें,चित्रों में उभरा स्वच्छ-सुंदर गांव का सपना
विभागीय निर्देश के आलोक में सोमवार को प्रखंड के मध्य विद्यालय केसठ में स्वच्छता को लेकर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीआरपी राकेश कुमार ने किया वही संचालन स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय प्रसाद ने किया।

केटी न्यूज/केसठ।
विभागीय निर्देश के आलोक में सोमवार को प्रखंड के मध्य विद्यालय केसठ में स्वच्छता को लेकर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीआरपी राकेश कुमार ने किया वही संचालन स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय प्रसाद ने किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।यह गतिविधि ‘हमारा स्वच्छ सुंदर गांव’ अभियान के तहत आयोजित की गई। बच्चों ने स्वच्छ, सुंदर एवं हरियाली से परिपूर्ण गांव की तस्वीरों के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश देने वाली मानव आकृतियां भी उकेरीं। इसके अलावा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, कचरे के उठाव और साफ-सफाई से जुड़ी गतिविधियों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

बच्चों ने हरे और नीले डस्टबिन बनाकर कचरे के उचित प्रबंधन का संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने भी बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया।प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और बेहतर जीवन के लिए बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की।

