दलित महिला को दफ्तर से धक्के मारकर निकालने वाले जेई पर कोर्ट ने कसा शिकंजा
ब्रह्मपुर बिजली कार्यालय में दलित महिला के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक गालियां देने के मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस जांच में क्लीन चिट मिलने के बावजूद विशेष एससी-एसटी कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए दोबारा संज्ञान लिया है और ब्रह्मपुर बिजली विभाग के जेई समेत पांच आरोपितों को सम्मन जारी किया है। अदालत की इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।

__ पुलिस जांच में मिली थी राहत, एससी-एसटी आयोग की दखल के बाद जेई समेत पांच कर्मियों को अदालत से सम्मन
केटी न्यूज/बक्सर
ब्रह्मपुर बिजली कार्यालय में दलित महिला के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक गालियां देने के मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस जांच में क्लीन चिट मिलने के बावजूद विशेष एससी-एसटी कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए दोबारा संज्ञान लिया है और ब्रह्मपुर बिजली विभाग के जेई समेत पांच आरोपितों को सम्मन जारी किया है। अदालत की इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ललन जी डेरा निवासी धर्मशीला कुमारी वर्ष 2023 में अपने बिजली मीटर में खराबी की शिकायत लेकर ब्रह्मपुर बिजली कार्यालय पहुंची थीं।

आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मियों ने महिला के साथ दुर्व्यवहार किया। पीड़िता का आरोप है कि उसे जातिसूचक शब्द कहे गए, धक्का-मुक्की की गई और मारपीट कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। घटना में महिला घायल हो गई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ब्रह्मपुर सीएचसी से सदर अस्पताल रेफर किया गया था।इलाज के बाद पीड़िता ने जिला मुख्यालय स्थित एससी-एसटी थाना में मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच तत्कालीन डुमरांव डीएसपी और उनके रीडर द्वारा की गई थी। जांच रिपोर्ट में आरोपितों को राहत देते हुए मामले से मुक्त कर दिया गया था। हालांकि पीड़िता ने हार नहीं मानी और पटना स्थित एससी-एसटी आयोग का दरवाजा खटखटाया।

आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए अपर पुलिस महानिदेशक को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। इसके बाद केस की दोबारा समीक्षा हुई। गुरुवार को जिला एवं एडिशनल सेशन जज-1 सह विशेष एससी-एसटी कोर्ट ने एससी/एसटी थाना कांड संख्या 23/2023 में संज्ञान लेते हुए ब्रह्मपुर बिजली विभाग के जेई अमित राय, विभोर तिवारी, ऋतुराज प्रसाद, वर्मा यादव और बबलू पांडेय के खिलाफ सम्मन जारी कर दिया।गौरतलब है कि जेई अमित राय का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। कुछ महीने पहले ब्रह्मपुर पुलिस ने उन्हें छह सहयोगियों के साथ कथित रूप से अवैध हथियार और शराब पार्टी मामले में गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने करीब 1.15 लाख रुपये नकद भी बरामद किए थे।

