खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए एफएसएसएआई निबंधन का विशेष शिविर
खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों और उद्यमियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का निबंधन कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला उद्योग केंद्र, बक्सर में 14 अगस्त को विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर का आयोजन पूर्वाह्न 10:30 बजे से होगा।

__ प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत उद्यमियों को मिलेगा औपचारिक पंजीकरण का लाभ, सुबह 10:30 बजे से लगेगा शिविर
केटी न्यूज/बक्सर।
खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों और उद्यमियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का निबंधन कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला उद्योग केंद्र, बक्सर में 14 अगस्त को विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर का आयोजन पूर्वाह्न 10:30 बजे से होगा। इसमें उद्यमियों को निबंधन की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवेदन करने में आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर का उद्देश्य जिले की खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को निबंधन की प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा प्रदान करना है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत संचालित इकाइयों को भी अपनी गतिविधियों के औपचारिक पंजीकरण की दिशा में इसका लाभ मिलेगा।

शिविर में उद्यमियों को एफएसएसएआई निबंधन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं की जानकारी दी जाएगी। विभाग का मानना है कि इससे छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों को निबंधन कराने में होने वाली परेशानियां कम होंगी और वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।निबंधन के लिए उद्यमियों को आवश्यक कागजात साथ लाने होंगे। इनमें आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड की प्रति, बिजली बिल की प्रति, ई-मेल पता, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, तीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाई का पूरा पता शामिल है।

जिला उद्योग केंद्र ने जिले के सभी संबंधित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के संचालकों और उद्यमियों से निर्धारित कागजात के साथ 14 अगस्त को सुबह 10:30 बजे जिला उद्योग केंद्र, बक्सर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। विभाग के अनुसार, यह पहल खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को विधिवत पंजीकरण से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

