रफ्तार बनी काल: बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर एक रात में तीन घरों के बुझ गए चिराग
बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग मंगलवार की रात मातम की सड़क में तब्दील हो गया। महज कुछ घंटों के अंतराल पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही ने तीन परिवारों के सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मुफ़स्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
-- सुनसान सड़क, तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर ने ली तीन युवकों की जान, देर रात तक गूंजती रही सायरन की आवाज
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग मंगलवार की रात मातम की सड़क में तब्दील हो गया। महज कुछ घंटों के अंतराल पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही ने तीन परिवारों के सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मुफ़स्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

पहला हादसा मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज स्थित वास्तु बिहार के समीप हुआ। धनसोई थाना क्षेत्र के सिसौंधा निवासी विश्वनाथ यादव के 33 वर्षीय पुत्र उपेंद्र यादव बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रात का समय और सुनसान सड़क होने के कारण घायल अवस्था में वे काफी देर तक वहीं पड़े रहे। गश्ती पर निकली पुलिस की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जबकि रोशनी और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में हादसों की आशंका बढ़ जाती है। दूसरी घटना इसी मार्ग पर पीसी कॉलेज के समीप हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अरविंद चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं लालगंज निवासी राजनरायन सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार तेज गति से बाइक चला रहे थे। अचानक दोनों की बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।लगातार हुई इन दो घटनाओं से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय लोग इस मार्ग पर रफ्तार पर लगाम और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
