पुराना भोजपुर चौक पर प्रशासन की सख्ती, यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के पुराना भोजपुर चौक पर मंगलवार को प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी कर सड़क पर वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 17 वाहनों से 21 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हलचल मची रही।

पुराना भोजपुर चौक पर प्रशासन की सख्ती, यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के पुराना भोजपुर चौक पर मंगलवार को प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी कर सड़क पर वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 17 वाहनों से 21 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हलचल मची रही।यह अभियान एसडीएम राकेश कुमार और नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। जांच टीम ने चौक से गुजरने वाले दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से जांच की।

हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, ड्राइविंग लाइसेंस साथ नहीं रखने, वाहन रजिस्ट्रेशन और अन्य जरूरी दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर चालकों पर जुर्माना लगाया गया।प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। नियमों की अनदेखी के कारण सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।अभियान के दौरान एसडीएम राकेश कुमार ने चौक पर जाम की समस्या का भी जायजा लिया।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि व्यस्त समय में विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित और अव्यवस्थित वाहन परिचालन से प्रतिदिन लोगों को कठिनाई होती है, जिसे हर हाल में दूर करना जरूरी है।वहीं नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने लोगों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नियमित जांच अभियान से यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और चौक पर जाम की समस्या भी कम होगी।