दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा की होगी कड़ी निगरानी

दुर्गा पूजा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा के दौरान आगजनी की किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी डुमराँव शिखा कुमारी के नेतृत्व में पूजा पंडालों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।

दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा की होगी कड़ी निगरानी

__फायर एक्सटिंग्यूशर, बालू व पानी की व्यवस्था अनिवार्य, __ अलग-अलग होंगे प्रवेश-निकास द्वार; लापरवाही पर होगी कार्रवाई

केटी न्यूज/डुमराँव।

दुर्गा पूजा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा के दौरान आगजनी की किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी डुमराँव शिखा कुमारी के नेतृत्व में पूजा पंडालों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पूजा पंडाल परिसर में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टियां तथा पानी से भरे ड्रम अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने होंगे, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल आग पर काबू पाया जा सके।

विभाग ने पंडाल तक दमकल वाहनों के पहुंचने की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। इसके लिए पंडाल तक जाने वाला रास्ता अतिक्रमण मुक्त और पर्याप्त चौड़ा रखना होगा। भंडारा या खाना बनाने के लिए निर्धारित स्थान को मुख्य पंडाल से सुरक्षित दूरी पर रखने तथा गैस चूल्हे समेत अन्य उपकरणों के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।बिजली की वायरिंग में कटे या खुले तार नहीं होने चाहिए। सजावट में ऐसे सामान के इस्तेमाल से बचने का निर्देश दिया गया है, जो आसानी से आग पकड़ सकते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग तथा पर्याप्त चौड़े द्वार रखना अनिवार्य होगा, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

पूजा समितियों को पंडाल में 24 घंटे प्रशिक्षित या प्राथमिक अग्निशमन जानकारी रखने वाले स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।आपात स्थिति में आमजन डायल 101 या 112 पर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी डुमराँव के मोबाइल नंबर 7485805932 एवं 7485805933 पर भी संपर्क किया जा सकता है। अग्निशमन विभाग ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विभागीय टीम 24 घंटे सतर्क रहेगी।