प्रतिभा सम्मान समारोह में जुटेगा लव-कुश समाज, विकसित बिहार के निर्माण पर होगा मंथन

बिहार के विकास की नई तस्वीर गढ़ने के संकल्प के साथ लव-कुश समाज को एकजुट करने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में आगामी 20 सितंबर को पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में ‘विकसित बिहार—नींव से निर्माण तक’ थीम पर लव-कुश प्रतिभा सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

प्रतिभा सम्मान समारोह में जुटेगा लव-कुश समाज, विकसित बिहार के निर्माण पर होगा मंथन

__ 20 सितंबर को पटना के बापू सभागार में आयोजन, बक्सर से जनभागीदारी बढ़ाने को तेज हुआ संपर्क अभियान

केटी न्यूज/बक्सर।

बिहार के विकास की नई तस्वीर गढ़ने के संकल्प के साथ लव-कुश समाज को एकजुट करने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में आगामी 20 सितंबर को पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में ‘विकसित बिहार—नींव से निर्माण तक’ थीम पर लव-कुश प्रतिभा सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर बक्सर समेत राज्य के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।प्रोग्रेसिव बुद्धिजीवी एसोसिएशन, बिहार के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ सामाजिक एकजुटता, युवाओं की भागीदारी और बिहार के विकास में बुद्धिजीवी वर्ग की भूमिका पर चर्चा होगी।

आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।बक्सर जिला के लव-कुश जिला प्रभारी उमरेश सिंह ने कहा कि समारोह महज सम्मान का मंच नहीं, बल्कि समाज को एकजुट कर विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए सामाजिक सहभागिता और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना समय की आवश्यकता है।आयोजकों के अनुसार समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा अति विशिष्ट अतिथि तथा मंत्री श्रवण कुमार और निशांत कुमार विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।समारोह को लेकर बक्सर सहित पूरे बिहार में लव-कुश समाज और प्रगतिशील बुद्धिजीवी वर्ग के बीच उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन के माध्यम से ‘एकजुट हों, आगे बढ़ें और विकसित बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं’ का संदेश देने की तैयारी है।