महादलित टोला में सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में सोमवार को अनुमंडल क्षेत्र के सिमरी प्रखंड अंतर्गत मझवारी पंचायत के गोपालपुर गांव स्थित महादलित टोला के आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में सखी वार्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।


__ वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध और बाल विवाह निषेध कानून पर किया गया जागरूक
केटी न्यूज/डुमरांव
महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में सोमवार को अनुमंडल क्षेत्र के सिमरी प्रखंड अंतर्गत मझवारी पंचायत के गोपालपुर गांव स्थित महादलित टोला के आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में सखी वार्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर एवं जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन (एचयूबी) के कर्मियों ने भाग लेते हुए महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीसीपीएनडीटी एवं एमटीपी एक्ट, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर 1930 की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, चिकित्सा सहयोग एवं अस्थायी आश्रय जैसी सेवाओं की भी जानकारी दी गई।जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन के प्रतिनिधियों ने पेंशन योजनाओं समेत महिला एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।कार्यक्रम के दौरान दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, यौन शोषण एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं से संवाद स्थापित कर यह जानने का प्रयास किया गया कि उन्हें सरकार की किन-किन योजनाओं का लाभ मिल रहा है तथा किन योजनाओं से वे अब तक वंचित हैं। महिलाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी साझा किए।अंत में सभी महिलाओं एवं किशोरियों को वन स्टॉप सेंटर कार्यालय का पता एवं संपर्क संबंधी जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर वहां पहुंचकर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किशोरियां एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

