बक्सर में 30 जून को लगेगा रोजगार मेला, 100 युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर
जिला नियोजनालय बक्सर की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 जून को रोजगार मेले (जॉब कैंप) का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी एलाइट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा। कंपनी की ओर से उत्पादन सहायक और पैकिंग सहायक के कुल 100 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

__ खाद्य कंपनी में उत्पादन और पैकिंग सहायक पदों पर होगी बहाली, 16 से 18 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
केटी न्यूज/बक्सर
जिला नियोजनालय बक्सर की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 जून को रोजगार मेले (जॉब कैंप) का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी एलाइट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा। कंपनी की ओर से उत्पादन सहायक और पैकिंग सहायक के कुल 100 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, रोजगार मेला जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर स्थित संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई मैदान, बक्सर में आयोजित होगा। चयन प्रक्रिया योग्यता के आधार पर मौके पर ही पूरी की जाएगी।

कंपनी में उत्पादन सहायक के 50 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को प्रतिमाह 16 हजार से 18 हजार रुपये तक का हाथ में वेतन मिलेगा। इसके अलावा अतिरिक्त समय (ओवरटाइम) कार्य के लिए अलग से भुगतान का प्रावधान रहेगा। इस पद के लिए अभ्यर्थियों की उम्र सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। न्यूनतम योग्यता आठवीं, दसवीं या आईटीआई उत्तीर्ण रखी गई है।वहीं, पैकिंग सहायक के 50 पदों पर भी बहाली होगी। इस पद के लिए भी वेतन 16 हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। कंपनी द्वारा अतिरिक्त समय कार्य का भुगतान, मुफ्त भोजन, साप्ताहिक अवकाश के साथ-साथ कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआईसी), भविष्य निधि (पीएफ), ग्रेच्युटी और बोनस जैसी सुविधाएं फैक्ट्री अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार दी जाएंगी।

नियुक्ति के बाद चयनित अभ्यर्थियों को तमिलनाडु के होसुर (बेंगलुरु के नजदीक) और केरल के त्रिशूर व कोच्चि जिले में कार्य करना होगा।जिला नियोजनालय ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जिन युवाओं ने अब तक निबंधन नहीं कराया है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल (एनसीएस) पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले के दिन अपना बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर उपस्थित हो सकते हैं। कैंप में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। रोजगार मेले का संचालन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। नियोजनालय ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

