लोक शिकायत की द्वितीय अपील पर डीएम ने की सुनवाई, 21 मामलों में 9 का मौके पर निष्पादन
जिलाधिकारी साहिला ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में लोक शिकायत अधिकार निवारण अधिनियम के तहत द्वितीय अपील मामलों की सुनवाई की। सुनवाई कार्यालय कक्ष के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से जुड़े मामलों पर अधिकारियों की मौजूदगी में विचार-विमर्श किया गया।

केटी न्यूज/बक्सर।
जिलाधिकारी साहिला ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में लोक शिकायत अधिकार निवारण अधिनियम के तहत द्वितीय अपील मामलों की सुनवाई की। सुनवाई कार्यालय कक्ष के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से जुड़े मामलों पर अधिकारियों की मौजूदगी में विचार-विमर्श किया गया।सुनवाई के दौरान कुल 21 मामलों की समीक्षा की गई। इनमें 20 मामले लोक शिकायत अधिकार निवारण से संबंधित थे, जबकि एक मामला सेवा शिकायत से जुड़ा हुआ था। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से प्राप्त रिपोर्ट और शिकायतकर्ताओं की ओर से प्रस्तुत तथ्यों की समीक्षा की।

इसके बाद 9 लोक शिकायत अधिकार निवारण से जुड़े मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित शिकायतों के निष्पादन में तेजी लाई जाए और आम लोगों की समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को त्वरित और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्रवाई करें।सुनवाई के दौरान उप विकास आयुक्त बक्सर, प्रभारी स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी बक्सर, अंचलाधिकारी राजपुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव, भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर एवं डुमरांव, अंचलाधिकारी इटाढ़ी, डुमरांव, सिमरी, नावानगर तथा थानाध्यक्ष डुमरांव भी जुड़े रहे।जिलाधिकारी ने शेष मामलों में भी शीघ्र कार्रवाई करते हुए अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। प्रशासन की इस पहल से फरियादियों को समय पर राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

