कृषि कॉलेज में छात्रों ने जाना उच्च शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का महत्व

शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज प्लस टू हाई स्कूल, डुमरांव के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव में आयोजित किया गया। ट्विनिंग प्रोग्राम के तहत आयोजित इस भ्रमण में कक्षा 8 से 12 तक के कुल 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कृषि कॉलेज में छात्रों ने जाना उच्च शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का महत्व

--राज प्लस टू हाई स्कूल के 100 विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण, एनएसएस-एनसीसी कैडेट्स ने साझा किए प्रेरक अनुभव

केटी न्यूज/डुमरांव

शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज प्लस टू हाई स्कूल, डुमरांव के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव में आयोजित किया गया। ट्विनिंग प्रोग्राम के तहत आयोजित इस भ्रमण में कक्षा 8 से 12 तक के कुल 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन बिहार सरकार के ब्लॉक रिसोर्स सेंटर की ओर से किया गया था।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की तैयारी, कृषि शिक्षा के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दी गईं। कॉलेज परिसर पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत एनएसएस और एनसीसी इकाई के छात्र-छात्राओं ने किया।

इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जीवनशैली और “मिशन लाइफ” अभियान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।कॉलेज के छात्रों ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संस्थान में भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति, वृक्षारोपण और जागरूकता अभियान जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।शैक्षिक भ्रमण के दौरान राज हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने कृषि महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं और इकाइयों का भ्रमण कर कृषि शिक्षा और अनुसंधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यार्थियों ने कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों को करीब से देखा और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता-सह-प्राचार्य डॉ. परास नाथ ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं राज प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्रा ने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर एनएसएस एवं एनसीसी के प्रभारी अधिकारी, शिक्षक डॉ. सौरभ कुमार, अभिनव कुमार सिंह, रघुबर साहू और अविनाश झा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों में राहुल प्रकाश, सृष्टि कुमारी, तन्नु श्री और प्रीतम राज ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के अंत में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक साबित हुआ।