चौसा बाजार को मिलेगी जलजमाव से मुक्ति, 1.15 करोड़ की योजना से बदलेगी तस्वीर
चौसा बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी और जलजमाव की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। नगर पंचायत प्रशासन ने बाजार क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।

__ आधा किलोमीटर से अधिक लंबी पीसीसी सड़क के साथ दोनों तरफ बनेगा पक्का नाला, छह माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
केटी न्यूज/चौसा
चौसा बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी और जलजमाव की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। नगर पंचायत प्रशासन ने बाजार क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। करीब 1.15 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के पूरा होने के बाद बाजार क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ही बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से भी लोगों को राहत मिलेगी।नगर पंचायत स्तर पर निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसी को कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बाद अब धरातल पर काम शुरू कर दिया गया है।

योजना के तहत बाजार क्षेत्र में आधा किलोमीटर से अधिक लंबी और करीब 12 फीट चौड़ी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर पक्के नालों का निर्माण होगा, ताकि बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित तरीके से हो सके।स्थानीय नागरिकों के अनुसार चौसा बाजार में जल निकासी की समस्या कई वर्षों से बनी हुई थी। नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के समय जगह-जगह पानी जमा हो जाता था। कई मोहल्लों और रास्तों में जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। पानी की निकासी खेतों और अन्य अस्थायी रास्तों से होने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती थी।व्यापारियों और आम लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत किया है।

उनका कहना है कि पक्का नाला बनने से गंदे पानी की निकासी बेहतर होगी और बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था भी सुधरेगी। वहीं नई सड़क बनने से लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।नगर पंचायत प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। परियोजना को छह माह के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।अधिकारियों का कहना है कि योजना पूरी होने के बाद चौसा बाजार की तस्वीर में बड़ा बदलाव आएगा। बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था से स्थानीय दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

