रघुनाथपुर स्टेशन पर सुविधाओं की कमी पर यात्रियों का फूटा आक्रोश
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की बदहाली और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार का मुद्दा शुक्रवार को रेल जनसंवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से उठा। हाजीपुर से पहुंची रेलवे अधिकारियों की टीम के सामने यात्रियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने समस्याओं की लंबी फेहरिस्त रखी। किसी ने जर्जर फुट ओवरब्रिज को दुर्घटना का खतरा बताया, तो किसी ने पेयजल, शौचालय, यात्री शेड और ट्रेनों के ठहराव की कमी पर सवाल उठाए।

__ रेल जनसंवाद में उठीं सुरक्षा और ट्रेनों के ठहराव की मांगें, जर्जर फुट ओवरब्रिज की मरम्मत व नए पुल के निर्माण पर दिया गया जोर
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की बदहाली और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार का मुद्दा शुक्रवार को रेल जनसंवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से उठा। हाजीपुर से पहुंची रेलवे अधिकारियों की टीम के सामने यात्रियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने समस्याओं की लंबी फेहरिस्त रखी। किसी ने जर्जर फुट ओवरब्रिज को दुर्घटना का खतरा बताया, तो किसी ने पेयजल, शौचालय, यात्री शेड और ट्रेनों के ठहराव की कमी पर सवाल उठाए। लोगों ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने और स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। अधिकारियों ने समस्याओं और सुझावों को दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।निरीक्षण के दौरान हाजीपुर जोन के डिप्टी सीएसटीई राजेश कुमार कुशवाहा ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, शौचालय, खानपान और अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद आयोजित जनसंवाद में स्थानीय लोगों ने बुनियादी सुविधाओं की कमियों को सामने रखा।

__ जर्जर पुल और प्लेटफॉर्म के बीच दूरी से खतरा
रेल यात्री कल्याण समिति के दानापुर मंडल महामंत्री शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या तीन और चार के बीच फुट ओवरब्रिज नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती है। वहीं, प्लेटफॉर्म एक और दो को जोड़ने वाला फुट ओवरब्रिज भी क्षतिग्रस्त है। उन्होंने नए पुल के निर्माण और पुराने पुल की मरम्मत में तेजी लाने की मांग की। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई और लंबाई मानक के अनुरूप करने तथा ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच अधिक दूरी की समस्या दूर करने पर भी जोर दिया। उन्होंने पूर्वी छोर पर रोशनी, यात्री शेड, प्रतीक्षालय और डिस्प्ले बोर्ड लगाने की मांग करते हुए विकास कार्यों की लागत व रूपरेखा सार्वजनिक करने का सुझाव दिया।

__ पेयजल से लेकर आरक्षण काउंटर तक उठे सवाल
समिति के रघुनाथपुर शाखा संयोजक शंभू चंद्रवंशी ने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पेयजल की अपर्याप्त व्यवस्था और चापाकल के बार-बार खराब होने की समस्या उठाई। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।जदयू नेता अजय उपाध्याय ने आरक्षण काउंटर दोनों पालियों में चलाने तथा पटना-बक्सर के बीच दो जोड़ी इंटरसिटी ट्रेनें शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने रघुनाथपुर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।

__समाधान की उम्मीद में यात्री
जनसंवाद में नीतीश कुमार, अनिल मुखिया, मनोज चौधरी, विकास मिश्रा और वीरेंद्र कुमार समेत कई लोगों ने सुझाव दिए। अब यात्रियों की निगाहें रेलवे प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर पहल होने से स्टेशन की सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में सुधार होगा।

