बक्सर में गैस आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।
__ 27 एजेंसियों के माध्यम से वितरण जारी, 1199 शिकायतों में 1139 का निपटारा, शादी-श्राद्ध के लिए व्यावसायिक गैस की विशेष व्यवस्था
केटी न्यूज/बक्सर
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या भी काफी अधिक है। इंडियन ऑयल के 2 लाख 2 हजार 360, भारत पेट्रोलियम के 57 हजार 517 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 90 हजार 668 उपभोक्ता हैं। जिला प्रशासन के अनुसार 13 मार्च 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक कुल 1 लाख 89 हजार 696 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है।

वहीं 22 अप्रैल तक एजेंसियों के पास 3 हजार 949 सिलेंडरों का भंडार उपलब्ध था।प्रशासन ने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसत मांग 6 हजार 419 सिलेंडर है, जबकि प्रतिदिन औसत रीफिल आपूर्ति 5 हजार 525 सिलेंडर हो रही है। वर्तमान में 25 हजार 638 बुकिंग लंबित हैं, जिसे लगभग साढ़े चार दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम सिलेंडर डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति दी गई है।जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिलास्तरीय अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लगातार गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर रहे हैं। अब तक इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।22 अप्रैल को जिले की 6 गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए दूरभाष संख्या 06183-223333 जारी की गई है। अब तक 1199 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 1139 शिकायतों का त्वरित निपटारा कर दिया गया है। शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।

वैवाहिक एवं श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए व्यावसायिक गैस की विशेष व्यवस्था की गई है। संबंधित व्यक्ति को शादी कार्ड के साथ अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन देना होगा। मांग और उपलब्धता के आधार पर रसोइयों व कैटररों को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। अब तक बक्सर अनुमंडल से 273 तथा डुमरांव अनुमंडल से 259 आवेदन प्राप्त हुए हैं।जिलाधिकारी ने कहा है कि गैस आपूर्ति को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

