बक्सर: आर्थिक स्थिति से तंग आ युवक ने पंखे में फंदा लगा की आत्महत्या

बक्सर: आर्थिक स्थिति से तंग आ युवक ने पंखे में फंदा लगा की आत्महत्या

केटी न्यूज/ धनसोई

धनसोई थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के एक युवक ने फांसी लगा अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। घटना रविवार की सुबह करीब आठ बजे की है। मृतक आकाश कुमार उम्र 21 वर्ष पिता बिरजू साह साड़ी का फंदा बनाकर कमरे में लगे पंख से झूल गया था। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजी। मिली जानकारी के अनुसार आकाश रात में छत पर सोया था।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह नीचे उतरा तथा कमरा बंद कर लिया। करीब आठ बजे उसका छोटा भाई जब उसे जगाने का प्रयास करने लगा तो अंदर से कुछ आवाज नहीं आ रही थी। इसके बाद पूरा परिवार मिल जगाने की कोशिश करने लगा। आवाज सुन कई पड़ोसी भी दौड़े आए। इसी दौरान किसी ने पुलिस को भी सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे को तोड़ा तब वह फंदे से लटकता पाया गया। इसके बाद परिजनों में क्रंदन चित्कार मच गया। हालांकि परिजनों द्वारा फांसी लगाने के कारणों को नहीं बताया गया है। वही ग्रामीण सूत्रों की मानें तो युवक अपनी गरीबी से परेशान था। उसके पिता फेरी का काम करते है। परिवार की माली हालत खराब है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि गरीबी से परेशान होकर ही उसने ऐसा कदम उठाया है। धनसोई थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।