महादेवा घाट के पास आमने सामने भिड़ी दो बाइक, दुर्घटना में 48 वर्षीय युवक गंभीर, वाराणसी रेफर; दूसरा बाइक सवार फरार
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप मंगलवार की दोपहर सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना में एक बाइक सवार 48 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

केटी न्यूज/चौसा।
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप मंगलवार की दोपहर सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना में एक बाइक सवार 48 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से बाइक समेत फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। महादेवा घाट के समीप सड़क पर बने गड्ढे से बचने के दौरान एक बाइक सवार अचानक असंतुलित हो गया। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि 48 वर्षीय युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर वाराणसी रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में भी चिंता और अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।

इधर, हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से निकल भागा। सूचना मिलने पर एसआई अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि चौसा-बक्सर मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो ऐसे हादसों पर रोक लगाना मुश्किल होगा।

