पेड़ से टकराई बाइक, इलाज के दौरान चालक ने तोड़ा दम

बासुदेवा थाना क्षेत्र के आथर-बेलहरी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान आथर गांव निवासी मनीष रजक (31 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनीष रजक किसी निजी कार्य से बेलहरी गांव जा रहे थे।

पेड़ से टकराई बाइक, इलाज के दौरान चालक ने तोड़ा दम

केटी न्यूज/नावानगर

बासुदेवा थाना क्षेत्र के आथर-बेलहरी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान आथर गांव निवासी मनीष रजक (31 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनीष रजक किसी निजी कार्य से बेलहरी गांव जा रहे थे। इसी दौरान परसागंडा गांव के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नावानगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया।

वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे। यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क किनारे मौजूद पेड़ों के बीच पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता की ओर ध्यान खींचता है।